Share This
विपक्ष का आचरण दुर्भाग्यपूर्ण
विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान विपक्ष के हंगामे को मुख्यमंत्री ने दुर्भाग्यपूर्ण, संविधान और लोकतंत्र की मर्यादा को आघात पहुंचाने वाला बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा महंगाई और कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगाने वाले विरोधी दलों को अपने गिरेबां में झांकना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण सरकार की उपलब्धियों व कार्यकलापों का लेखा-जोखा होता है। अभिभाषण के माध्यम से जनता को सरकार के जनहित में किए गए कार्यो की जानकारी मिलती है। जनता को इन जानकारियों से वंचित रखने की नीयत से विपक्ष ने राज्यपाल को अभिभाषण पढ़ने से रोकने की कोशिश की। मुख्यमंत्री ने कहा कि विरोधी दलों के नेताओं को यह बताना होगा कि सदन के अंदर उनके अशोभनीय आचरण से जनता को क्या हासिल हुआ। राज्यपाल के अभिभाषण पर विपक्ष को अपनी बात कहने का अवसर चर्चा के दौरान मिलता। मुख्यमंत्री ने कहा सपा के जो लोग खराब कानून-व्यवस्था का रोना रो रहे हैं, उन्हें अपने शासनकाल याद करना चाहिए कि किस तरह उस समय अपराधियों की सत्ता कायम हो गई थी। बसपा सरकार ने पूरे प्रदेश में कानून का राज कायम कर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा जहां तक महंगाई का सवाल है, वह पहले ही बता चुकी हैं कि इसके लिए केंद्र की गलत आर्थिक नीतियां जिम्मेदार हैं। प्रदेश सरकार अपने स्तर से महंगाई के खिलाफ हर सम्भव कदम उठा रही है।
Reference:Jagran
बहुजन समाज पार्टी